ज्ञानपुर।देवी आराधना के पर्व नवरात्र के छठवें दिन जगत-जननी के छठवें स्वरूप स्कंदमाता की पूजा अर्चना की गई। मंदिरों पर सुबह-शाम श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। शुक्रवार को सप्तमही होने से नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों में स्थापित पंडालों के पट खुल जाएंगे। आदिशक्ति के दर्शन पाकर भक्त निहाल हो गए। सुबह-शाम भजन, कीर्तन और जागरण में भक्त लीन हो गए हैं। जगह-जगह की गई आकर्षक सजावट भी लोग बिना निहारे नहीं बच रहे हैं।
शारदीय नवरात्र का उत्साह देवीभक्तों के सिर चढ़कर बोलने लगा है। नगर से लेकर गांव-गांव तक स्थापित पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पंडालों में स्थापित आदिशक्ति की मनोहारी प्रतिमा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हैं। कारीगरों की कलाकारी देखकर लोग प्रफुल्लित हो रहे हैं। ज्ञानपुर नगर के पुरानी बाजार, मिश्रा मार्केट, पटेल नगर, बालीपुर में स्थापित पूजा पंडालों में एक जगत जननी की एक से बढ़कर प्रतिमाएं स्थापित की गईं हैं। पंडालों के आसपास आकर्षक सजावट के चलते शाम ढलते ही पंडालों का नजारा बदल जा रहा है। ज्ञानपुर, गोपीगंज, भदोही, औराई, सुरियावां में स्थापित प्रतिमाओं का दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। प्राथमिक पाठशाला भगवानपुर में स्थित पंडाल पर भजन-कीर्तन से भक्त निहाल हो रहे हैं।