ज्ञानपुर (भदोही)। किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो इसके लिए किसान बंधु और सिंचाई बंधु की बैठक की जाती है। प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को सिंचाई बंधु की बैठक निर्धारित होती है। इसमें किसानों की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण किया जाता है। पिछली बैठकों में हुई कार्यवाही पर भी चर्चा होती है। मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में दोपहर 12 बजे से बैठक होनी थी, इसके लिए किसान बुलाई भी गए। किसान तो बैठक में पहुंचे, लेकिन अधिकारी दो-तीन ही पहुंचे। ऐसे में बैठक नहीं हो सकी। इससे नाराज भारतीय किसान संघ टिकैत ग्रुप के पदाधिकारियों ने अपर जिलाधिकारी से मिलकर इसकी शिकायत की।
किसान संघ के जिलाध्यक्ष मल्लू राम ने कहा कि जिला पंचायत सभागार में बैठक होनी थी। बैठक में कुल 20 से अधिक अधिकारी बुलाए गए थे, लेकिन दो-तीन अधिकारी ही आए। वह भी समाधान करने के स्तर वाले अधिकारी नहीं थे। बताया कि बैठक के लिए एजेंडा भी तय था, जिसमें सिंचाई से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की जानी थी। बताया कि पिछली बैठकों में जिन मुद्दों पर चर्चा की गई थी उनका भी अब तक कुछ नहीं हुआ। कहा कि किसानों के साथ यह मजाक है। किसानों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए बैठकों में अधिकारियों को आना चाहिए।