औराई। कोतवाली से मात्र दो किमी की दूर पुरूषोत्तमपुर तिराहे पर एलएलबी के छात्र अमित कुमार की हत्या से पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। औराई चौराहे पर चारों ओर सीसी कैमरे लगे हैं इसके बावजूद बदमाश पुलिस की पकड़ से बाहर है। चौराहे पर 24 घंटे पुलिस के जवान तैनात रहते हैं। लोगों की जुबान पर एक ही सवाल है आखिर बदमाश कैसे घटना को अंजाम दिए। जवान क्या कर रहे थे।
सोमवार की भोर में छोटे भाई को माधोसिंह स्टेशन पर छोड़ने जा रहे अमित कुमार को क्या पता था कि वह उसकी अंतिम यात्रा होगी। कार सवारों ने पुरूषोत्तमपुर तिराहे के समीप जिस तरीके से ओवरटेक कर उसे रोका उससे स्थिति प्लानिंग की तरफ ही ईशारा कर रही है। कार सवार बदमाशों के ओवरटेक के बाद बाइक सवार बदमाशों ने सीधे अमित को गोली मारी। अल सुबह हुई घटना ने हर किसी को सोचने में मजबूर कर दिया। मादक पदार्थ तस्करी के लिए सुर्खियों में रहने वाले औराई चौराहे पर सक्रियता को लेकर दावे तो तमाम होते हैं, लेकिन सोमवार की घटना ने पुलिस की पोल खोलकर रख दी। चौराहे से चंद कदम की दूरी पर ही औराई कोतवाली है फिर भी बदमाश बेखौफ होकर कोतवाली के सामने से ही जाते हैं और घटनास्थल पर पहुंचकर अमित कुमार उमर वैश्य के प्राण ले लेते हैं। अब यहां सवाल यह उठता है की पुलिस का खौफ इस तरह अंजाम देने वाले बदमाशों में नहीं रह गया है जो निश्चिंत होकर कोतवाली से दो किलोमीटर की दूरी पर ही जाकर वारदात कर देते हैं।
इनसेट
छोटी बहन की रिंग सेरेमनी में नाचा, सुबह हत्या
औराई। छात्र अमित कुमार छोटी बहन आरती की रिंग सेरेमनी में शामिल होने के लिए कुछ दिन पूर्व प्रयागराज से घर आया था। रविवार की रात में एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित सेरेमनी में खूब डांस किया था। सुबह अमित की हत्या से परिजन अवाक हो गए। परिजनों के मुताबिक देर रात कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी घर आए। कुछ देर आराम करने के बाद भोर में अमित अपने भाई शिवकुमार उमर वैश्य को छोड़ने के लिए बाइक पर बैठाकर माधोसिंह रेलवे स्टेशन के लिए जा रहा था और रास्ते में काल का शिकार हो गया।
-
.. तो कहीं जमीनी विवाद और पैसे का लेनदेन तो नहीं हत्या का कारण
औराई। स्वर्गीय बद्रीनारायण उमर वैश्य के पांच लड़कों में मिलनसार अमित कुमार उमर वैश्य का किसी से कोई विरोध एवं किसी से कोई झगड़ा नहीं था। ऐसे में सरेराह उसकी बदमाशों ने किन कारणों से उसकी हत्या की। यह जांच का विषय है। बताया जाता है कि क्षेत्र में एक जमीन का विवाद काफी समय से चल रहा है। पैसे की लेनदेन को लेकर वैश्य परिवार से कुछ लोगों का विवाद था। लोग आशनाई की भी चर्चा कर रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजवीर सिंह ने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगा दी गई हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।