ट्रामा सेंटर वाराणसी में भर्ती भदोही का टोलप्लाजा कर्मचारी पवन कुमार बिंद की शुक्रवार की रात इलाज के दौरान मौत हो गई। टोलप्लाजा कर्मी पवन की मौत के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया। वहीं मृतक पवन का शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में परिजनों ने बताया कि 17 फरवरी की रात शिवधनी बिंद के साथ पवन टोलप्लाज पर ड्यूटी के दौरान वाहनों को पास करा रहा थे। उसी समय प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहा एक ट्रक चालक बिना टोल टैक्स दिए ही पूर्वी छोर की ओर से निकल गया जिसका पीछा बाइक से करते हुए शिवधनी की मौके पर मौत हो गई थी। जबकि साथ में मौजूद टोलकर्मी पवन उस दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया था ।
दरअसल घटना के बाद पवन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज में भर्ती कराया गया था । लेकिन यहां पर उसकी हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी में रेफर कर दिया। इसके बाद ट्रामा सेंटर में 17 दिनों तक चले इलाज के बाद शुक्रवार की रात पवन ने दम तोड़ दिया। इस संबंध में परियोजना निदेशक एनएचएआई एके राय ने कहा कि मृतकों को मिलने वाली सहायता धनराशि वही कंपनी वहन कर सकती है जिसके कार्यकाल में दोनों मृतक तैनात थे।