खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को बाबूसराय और औराई बाजार में खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान दूध और आइसक्रीम के दो-दो नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. तंविदा के नेतृत्व में टीम ने दोनों बाजारों की विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया। औराई बाजार से दूध तथा बाबूसराय बाजार से आइसक्रीम के नमूने एकत्र किए गए। अभियान के दौरान जांच की सूचना मिलते ही कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
डॉ. तंविदा ने बताया कि राष्ट्रीय वार्षिक अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों से मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री न करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।