मंगलवार को नामांकन के अंतिम दिन प्रधान पद के लिए 747 और सदस्य पद के लिए 1582 प्रत्याशियों का नामांकन हुआ। अंतिम दिन भारी नामांकन से अधिकारी भी हलाकान हो गए और आधी रात के बाद तक प्राप्त नामांकनों की गणना करते रहे।
आधी रात को रिटर्निंग आफिसर गुलाम नबी ने अंतिम संख्या बताने के साथ ही राहत की सांस ली। नामांकन प्राप्त करने के लिए कुल 15 टेबलों का इस्तेमाल किया गया।
नामांकन का दौर पूरा होने के साथ ही गांव की राजनीति अपने पूरे रंग में आ गई है।
अधिकारियों ने बताया कि भारी संख्या में प्रत्याशियों के नामांकन करने से प्राप्त आवेदनों की गणना में काफी समय लग गया। ब्लाक में कुल 1543 ग्राम पंचायत वार्ड हैं जिनपर चुनाव हो रहा है।
नामांकन के दूसरे दिन भी इंदिरा मिल चौराहे से लेकर भदोही ब्लाक तक भारी गहमा गहमी रही। प्रशासन द्वारा भीड़ को देखते हुए चौरी रोड को लगातार दूसरे दिन भी बंद रखा गया।
भीड़ का यह आलम था कि प्रत्याशियों के साथ आ रहे समर्थकों को संभाल पाना मुश्किल था। कई अवसरों पर पुलिस को उन्हें संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी, एपी सिंह शहर कोतवाल अजय श्रीवास्तव के साथ ब्लाक के अंदर और बाहर दिन भर डटे रहे। इस दौरान मार्ग अवरुद्ध करने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
भदोही शहर की ओर से वाराणसी की ओर जाने वाले वाहनों को रेवड़ा परसपुर रेलवे फाटक की ओर डायवर्ट किया जा रहा था। जबकि इंदिरा मिल की ओर से शहर की ओर आने वाले वाहनों को वापस कर दिया जा रहा था।
नामांकन हो जाने के बाद 18 व 19 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच तथा 20 नवंबर को नाम वापसी के बाद उसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटित भी कर दिया जाएगा।