ज्ञानपुर। डीएम शैलेश कुमार ने बृहस्पतिवार की शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्राप्तांक एवं ग्रेडिंग के आधार पर विकास कार्यों की समीक्षा की। डीएम ने जिले में निर्माणाधीन व निर्मित 85 इंडिकेटर्स की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि फरवरी की जारी रैकिंग में जिले को 16वां स्थान मिला है। डीएम ने अधिशासी अभियंता नलकूप व अधिशासी अभियंता सिंचाई के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताते हुए वेतन रोकने के निर्देश दिए।
डीएम ने ई-ऑफिस प्रणाली के संचालन पर जोर देते हुए कहा कि अभी तक जिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपना ई-ऑफिस लॉगिन सक्रिय नहीं किया है, वह एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
एनएच-731 नथईपुर रोड किनारे भूमि अधिग्रहण से संबंधित मुआवजा वितरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को संबंधित ग्राम पंचायतों में विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिले में संचालित विकास कार्यों, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं की प्रगति, स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं, जनगणना कार्य, न्यायालयों में लंबित वादों, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान एवं गोल्डन कार्ड निर्माण, दैवीय आपदा से संबंधित प्रकरणों समेत अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में सीडीओ बाल गोविंद शुक्ल, एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एडीएम न्यायिक विजय नारायण सिंह, सीएमओ डॉ. संतोष चक, बीएसए शिवम पांडेय, उपनिदेशक कृषि अश्वनी सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया आदि रहे।