सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार सुबह प्रसव के दौरान शिशु की मौत होने से नाराज परिजनों ने स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशुतोष पांडेय ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया। सीएमओ ने मामले की जांच कर एएनएम पर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
गोपीगंज क्षेत्र के तिलंगा निवासी रंजय प्रजापति की पत्नी नीलम देवी (23) की प्रसव होना था। रात में दर्द होने पर परिवार वालों ने प्रसव के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। परिवार वालों का आरोप है कि सामान्य प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा स्वस्थ थे। अचानक शिशु की हालत बिगड़ने लगी। वह स्टाफ नर्स से चिकित्सक को बुलाने के लिए कहने लगे तो उसने उनकी बातों को अनसुना कर दिया। परिजन बच्चे को लेकर एक निजी अस्पताल लेकर जा रहे थे। रास्ते में बच्चे की मौत हो गई। इससे वे नाराज हो गए और अस्पताल लौटकर हंगामा किया। सीएचसी अधीक्षक ने एएनएम से पूछताछ की तो जानकारी हुई कि वह सोमवार देर रात 11 बजे भर्ती हुई थी। सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने कहा कि महिला की भर्ती की पत्रावली भी तैयार नहीं की गई थी। जिले भर की सीएचसी, पीएचसी में गंभीर मरीज या प्रसव के मामलों में डॉ. राजीव को तैनात किया गया है। उन्हें सूचना नहीं दी गई। इस पर एएनएम के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। मामले की जांच एसीएमओ को सौंपी गई है। इसमें लापरवाह कर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी।