काशी-प्रयागराज और विंध्य के मध्य में स्थित आस्था की नगरी सेमराधनाथ कल्पवासियों के स्वागत के लिए तैयार हो चुकी है। सभी विभागों ने सौंपी गई जिम्मेदारी को समय से पूरा कर लिया है। इससे आयोजन समिति ने राहत की सांस ली। बृहस्पतिवार से कल्पवासी पहुंचने शुरू हो जाएंगे और शुक्रवार को मकर संक्रांति का पहला स्नान होगा।
सेमराध में माह पर्यंत तक चलने वाले कल्पवास की तैयारी डेढ़ माह पूर्व से ही चल रही है। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की सख्त हिदायत का असर रहा कि पहले स्नान पर्व से पूर्व ही लोक निर्माण विभाग, जल निगम, विद्युत, जिला पंचायत, नगर पालिका सहित अन्य विभागों ने अपना कार्य पूर्ण कर लिया है। आयोजन समिति के प्रमुख स्वामी करुणा शंकर दास ने कहा कि जिलाधिकारी के प्रयास से समय से पूर्व ही सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। मकर संक्रांति को पहले स्नान पर कल्पवासियों के लिए सभी सुविधाएं मिल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि 13 जनवरी से कल्पवासी यहां पहुंचने लगेंगे। उधर, सेमराधनाथ माघ मेला को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी बुधवार को कल्पवास स्थल पर पहुंच गईं। आयोजन समिति के पदाधिकारियों संग बैठक कर सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि बिना टीकाकरण के मेला क्षेत्र में कोई नहीं जाएगा। वैक्सीन की दोनों डोज का प्रमाण पत्र और निगेटिव रिपोर्ट दिखाने पर ही श्रद्धालु मेला स्थल पर जा सकेंगे। उन्होंने मेला क्षेत्र में सभी इंट्री स्थलों पर पुलिस प्रशासन की ओर से सतर्कता बरतने के लिए निर्देश दिया। मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं एवं कल्पवासियों की सुविधा के मद्देनजर सेमराध प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और मोबाइल टीम को मौजूद रहने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया। उन्होंने स्नान के बाद महिलाओं के कपड़ा बदलने के लिए अस्थायी चेजिंग रूम का अवलोकन किया। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिगत मेले में पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, जल पुलिस, नाविक, गोताखोर, महिला पुलिस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। इस मौके पर एसडीएम योगेंद्र साहू, सीओ ज्ञानपुर अशोक सिंह आदि मौजूद रहे।