ज्ञानपुर। भदोही ब्लॉक के कंधिया प्रधान की मुश्किलें बढ़ गई है। 40 लाख के घपलेबाजी में जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने प्रधान का वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिया। एक सप्ताह में तीन सदस्यीय टीम गठित करने का निर्देश दिया।
चार माह पूर्व कंधिया गांव निवासी नंद किशोर समेत अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गांव में शौचालय, सोलर लाइट, डस्टबीन, मनरेगा समेत अन्य विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाया था। डीएम के निर्देश पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की। जांच टीम में शामिल अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण दयाराम और खादी ग्रामोद्योग अधिकारी डीराम ने जांच किया। जिसमें सोलर लाइट, डस्टबीन और शौचालय के अलग-अलग मदों में मिलाकर प्रथम दृष्टया 40 लाख की अनियमितता मिली। जांच आख्या के बाद डीपीआरओ कार्यालय की ओर से नोटिस जारी कर प्रधान का जवाब मांगा गया। प्रधान की ओर से दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं मिला। मामले को संज्ञान में लेते हुए डीएम राजेंद्र प्रसाद ने ग्राम प्रधान सुखराम का वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिया। गांव में विकास कार्य प्रभावित न हो इसलिए डीपीआरओ को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के अंदर तीन सदस्यीय टीम गठित करें।