आपके विधानसभा क्षेत्र में कितने प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। उनका आपराधिक रिकार्ड क्या है। वे क्या करते हैं और कितनी संपत्ति के मालिक हैं आदि सवालों के जवाब पहले तो ढूंढने से नहीं मिल पाते थे, लेकिन अब सारी जानकारी आप घर बैठे महज एक क्लिक से प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग ने मोबाइल एप जारी कर काम बेहद आसान कर दिया है। आप घर बैठे किसी भी राज्य के किसी भी विधान सभा अथवा लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
उपजिलाधिकारी अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि समय के साथ - साथ चुनाव भी हाईटेक हो गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग समय के साथ चलते हुए मतदाताओं का हर तरह से ध्यान दे रहा है। आम तौर पर जिन सूचनाओं के लिए हमें अखबारों पर निर्भर रहना पड़ता था और वह भी अगले दिन मिल पाता था, अब ऐसा नहीं है। प्रत्याशी नामांकन करके घर लौटेंगे और आप भी अपने मोबाइल पर भारत निर्वाचन आयोग के एप के सहारे कितने लोगों ने नामांकन किया है, उनके आपराधिक रिकार्ड समेत कुल कितनी संपत्ति के मालित हैं, सब अपने मोबाइल स्क्रीन पर जान सकेंगे। एसडीएम ने बताया कि इसके लिए आप प्ले स्टोर से नो योर कंडीडेट (केवाईसी), वोटर हेल्पलाइन, सी-विजिल जैसे एप डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने बताया सी-विजिल एप में ऑनलाइन शिकायत की भी व्यवस्था की है। कहीं भी चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा हो तो कोई भी मतदाता शिकायत कर सकता है। इस एप के जरिए आप फोटो खींच सकते हैं, दो मिनट का वीडियो भी बना सकते हैं और पलक झपकते ही आपकी शिकायत भी दर्ज हो जाएगी।