मौसम में रोजाना उतार-चढ़ाव का सितम जारी है। मौसम का रुख देखकर किसान चिंतित हैं। दो दिन पूर्व बादल मंडराने के बाद शनिवार को तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
इसके चलते लोगों को दिन में गर्मी का अहसास होने लगा है। शाम को पछुआ हवा तेजी से चलने पर ठंड में इजाफा हुआ।
जिले में बीते एक सप्ताह से दिन रात के तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम बना है। दिन का तापमान 29.7 डिग्री तो रात का 15 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
पश्चिमी विक्षोम के सक्रिय होने के कारण पहाड़ी क्षेत्रों के मौसम में बदलाव आया है। मौसम विभाग ने अंदेशा जताया है कि आगामी दिनों में यहां भी मौसम परिवर्तित हो सकता है।
इन दिनों धूप तिखी खिल रही है। इसके चलते अत्यधिक समय तक लोग धूप में बैठना पसंद नहीं कर रहे हैं।
सुबह के वक्त लोग घर की छतों पर धूप लेते दिख जाते हैं, लेकिन दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा है।
कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि शनिवार को दिन का तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा।