ज्ञानपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को नए 60 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित कर शिक्षकों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए कहा गया। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि सभी चयनित शिक्षक अपनी जिम्मेदारी का अच्छे से निर्वहन करते हुए बेहतर शिक्षा प्रदान करें, जिससे की बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो सके।
विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि प्राइमरी शिक्षा मूल शिक्षा है। शिक्षक बच्चों को पढाई-लिखाई के साथ-साथ आचरण की भी शिक्षा दे, जिससे की बेहतर समाज का निर्माण हो सके। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने नवनियुक्ति शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि वे बहुत बड़ी जिम्मेदारी का निर्वहन करने जा रहे हैं। प्राथमिक शिक्षा बच्चों के जीवन की नींव होती है। इसे ध्यान में रखते हुए पूरे मनोयोग से बेहतर शिक्षा बच्चों को प्रदान करें। इस मौके पर सीडीओ भानु प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव आदि रहे।