तहसील दिवस में जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने 83 फरियादियों की समस्याओं का संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले सुपुर्द करते हुए कहा कि एक सप्ताह में निस्तारित कर कृत कार्रवाई से अवगत कराएं। इस दौरान घमहांपुर की सभासद शीला बिंद ने जिलापूर्ति विभाग पर मनमानी की शिकायतें की। आरोप लगाया कि जो गरीब हैं वे बार बार आवेदन कर रहे हैं लेकिन उनके नाम सूची में शामिल नहीं किए जा रहे हैं।
तहसील दिवस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों से निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण एक सप्ताह में करें ताकि किसी की शिकायत न रह जाए।
तहसील दिवस में खाद्यान्न वितरण को लेकर शिकायतें अधिक रहीं। सभासद शीला बिंद ने शिकायत में कहा कि उनका वार्ड सर्वाधिक पिछड़ा और गरीब है। यहां के अधिकतर गरीब खाद्य सुरक्षा गारंटी के अंतर्गत आते हैं लेकिन आपूर्ति विभाग उनकी ओर ध्यान नहीं दे रहा है। बताया कि बार बार फार्म भरने के बाद भी लोगों के नाम सूची मे नहीं आ सके हैं। उधर चौबेपुर की प्रधान निर्मला देवी ने अपनी शिकायत में बताया कि गांव के चार हजार की आबादी में से 80 प्रतिशत अनुसूचित जाति और पिछड़ी जाति की जनसंख्या है। ऐसे लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
चौबेपुर से ही एक और शिकायत आई कि मुख्य मार्ग से गांव में जाने के लिए मार्ग जर्जर हो चुका है। उसका निर्माण कराया अति आवश्यक है। डीएम ने तीन मामलों का निस्तारण मौके पर ही किया और बाकी में मातहतों से रिपोर्ट मांगी है। फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसील के चक्कर न लगानी पड़े। सीडीओ आरपी मिश्र, एडीएम हरीलाल यादव, सीएमओ डा.डीके सोनकर, डीएसओ संजय पाण्डेय, बीएसए डा. एसपी त्रिपाठी, डीपीआरओ रामआसरे दूबे, रविश्वर राव समेत संबन्धित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।