सुरियावां। हरिहरपुर गांव निवासी पालीटेक्निक के छात्र विवेक कुमार यादव (17) पुत्र इंद्रजीत यादव का शव शनिवार को बागपत-मुरादाबाद रूट के सहादरपुर में रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
सुरियावां थानाक्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी इंद्रजीत यादव का पुत्र विवेक कुमार यादव बागपत से पालीटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था। वह दीपावली की छुट्टी में घर आया था। 30 अक्तूबर को बागपत जाने के लिए ट्रेन पकड़कर दिल्ली पहुंचा। वहां से बागपत के लिए दूसरी ट्रेन पकड़कर जा रहा था। रास्ते में पड़ने वाले सहादरपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर शव पाया गया। वहां की पुलिस ने विवेक के ही मोबाइल से घर वालों को जानकारी देते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां रीता देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। पिता इंद्रजीत मुंबई में रहकर नौकरी करते हैं। जानकारी के बाद परिजनों समेत आस-पास लोग भी सहादरपुर के लिए रवाना हो गए।