जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं एसपी डॉ. अनिल कुमार ने मंगलवार को गोपीगंज नगर में 1421 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जरूरतमंदों को ठंड से राहत दिलाने में तेजी दिखाई देनी चाहिए। ताकि उन्हें इस कड़ाके की ठंड में किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी यहां मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची थीं। नगर उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल ने बताया कि कंबल वितरण समारोह को संपन्न कराने के लिए एक सप्ताह पूर्व से ही कूपन का वितरण कर जरूरतमंद परिवारों को बुलाया गया था। लगभग 1270 परिवारों को मुख्य अतिथि डीएम आर्यका अखौरी ने कंबल वितरित किया। इसी क्रम में एसपी ने भी कोतवाी में लगभग 151 ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) को कंबल वितरित कर जिम्मेदारी का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया। चौकीदारों का उत्साह बढ़ाते हुए एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में चौकीदार प्रथम सूत्र हैं। इन्हीं के जरिए छोटी-बड़ी घटनाओं की सूचनाएं आसानी से प्राप्त की जा सकती हैं।