ज्ञानपुर। भदोही के रेवड़ापरसपुर गांव निवासी महिला पचुआ देवी की मौत को लेकर सपा सक्रि य हुए सपा नेता ने डीएम और मंडलायुक्त को पत्र भेज आरोपी लेखपाल का स्थानांतरण करने की मांग की। सपा पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष काशीनाथ पाल ने तहसील प्रशासन पर इस मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाया है।
भेजे गए पत्र में उन्होंने बताया कि 22 दिसंबर को 65 वर्षीय वृद्ध महिला पचुआ देवी की मौत के बाद परिजनों ने लेखपाल को जिम्मेदार ठहराया था। इस दौरान शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम करने का प्रयास किया गया। पीड़ित परिजनों ने आरोप लगाया था, कि लेखपाल ने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी, लेकिन अब तक लेखपाल की न जांच हो सकी और न ही कार्रवाई। जिससे लेखपाल पीड़ितों को ही आवास तोड़वाने और जमीन कब्जा करने में मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दे रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टोलेरेंस का दावा तहसील से लेकर अन्य सरकारी दफ्तरों में खत्म हो जा रही है। उन्होंने आरोपी लेखपाल को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। कहा कि ऐसा न हुआ तो पार्टी गरीब को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन करने से भी नहीं हटेगी। भदोही एसडीएम आश्वनी पांडेय ने बताया कि औराई एसडीएम को जांच सौंपी गई है, जांच पूर्ण होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।