ज्ञानपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि 17 मई तक लागू कोरोना कर्फ्यू में सुबह तीन घंटे ही जरूरी सामान की दुकानें खुलेंगी। डीएम ने बताया कि किराना की दुकान सुबह आठ बजे से लेकर 11 बजे तक ही खोली जाएंगी। इसके अलावा कहा कि दुकानों पर शारीरिक दूरी कायम रखने के नियम का पालन करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि कोरोना कर्फ्यू में अकारण घर से न निकलने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। मास्क न लगाने पर पहली बार में 1000 और दूसरी बार पकड़े जाने पर 10,000 रुपये तक जुर्माना किया जाएगा। मास्क की अनिवार्यता सुनिश्चित कराने का सीधा उत्तरदायित्व संबंधित थाने का होगा। नगरीय क्षेत्रों में सभी अधिशासी अधिकारियों को स्वच्छता अभियान में तेजी लाते हुए साफ-सफाई, ब्लीचिग, सैनिटाइजेशन, फागिग का कार्य प्रति दिन करवाए जाने का निर्देश दिया।
कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए प्रभावी कोरोना कर्फ्यू का बाजारों में पालन नहीं हो पा रहा है। सुबह-शाम उमड़ रही भीड़ सामाजिक दूरी को तार-तार कर रही है। इस क्रम में सोमवार को भी कमोबेश यही स्थिति देखने को मिली। बता दें कि जिले के भदोही और गोपीगंज नगरों की स्थिति सबसे खराब है। अब जबकि राज्य सरकार ने 17 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है ऐसे में जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए ज्यादातर लोग बाजारों में पहुंच रहेृ हैं।
दरअसल कोरोना की दूसरी लहर में हर रोजाना बड़ी संख्या में संक्रमित मिल रहे हैं। इसमें गंभीर रूप से बीमार लोगों की जान भी जा रही है। वहीं संक्रमण की रफ्तार को रोकने के लिए शासन स्तर से 17 मई तक कोरोना कर्फ्यू को प्रभावी किया गया है। सोमवार को सुबह आठ बजे से 11 बजे तक ज्ञानपुर, गोपीगंज, भदोही सहित अन्य बाजारों में किराना, सब्जी समेत अन्य जरूरी सामानों की दुकानें खुली रहीं। इस दौरान सामान लेने के लिए पहुंचे लोगों ने न तो सामाजिक दूरी का पालन किया और कई लोग बिना मॉस्क के पहुंचे। अधिकतर लोग बेखौफ होकर खरीदारी करते रहे। कहीं भी पुलिस के जवान नहीं दिखे। ऐसे में तेजी से बढ़ते संक्रमण को रोकना चुनौती होगी।
इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता प्रभुनाथ मिश्र ने बताया कि कोरोना को मात देने के लिए कम से कम 15 दिनों का संपूर्ण लॉकडाउन की जरूरत है। कहा कि सरकार को चाहिए कि जल्द ही ऐसा फैसला ले। अगर दुकानों पर सामाजिक दूरी का पालन नहीं होगा तो संक्रमण नहीं थमेगी।