ज्ञानपुर। लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के चेन तोड़ने के लिए सरकार ने कोरोना कर्फ्यू को 17 मई तक बढ़ा दिया है। इस दौरान जरूरी सामानों के दुकान को छोड़ बाकी दुकानों पर पाबंदी है, फिर भी दुकानदारी धड़ल्ले से हो रही है। दूसरी ओर कोरोना कर्फ्यू फिर बढ़ जाने से व्यापारियों के माथे पर चिंता की लकीर खींच गई हैं।
शहर से लेकर गांव के बाजारों में खरीददारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। ग्राहकों को दुकान के अंदर करके शटर गिराकर व्यापारी दुकानदारी कर रहे है। कोरोना कर्फ्यू के दौरान सिर्फ किराना, सब्जी फल, दूध, दवा की दुकानों को खोलने की छूट दी गई है। इसके अलाव अन्य दुकानों पर पाबंदी है फिर भी दुकानदार दुकान के शटर को निचे गिराकर बैठे रहते हैं। जैसे-जैसे ग्राहक आते शटर के अंदर से दुकानदारी शुरू हो जाती है। इर्द करीब है ऐसे में कपड़े, सेवई सहित अन्य सामान खरीदना लोगों के लिए मजबूरी है। इस क्रम में सोमवार को सुबह से ही खरीदारी के लिए लोग बाजार में निकल पड़े थे। गोपीगंज, ज्ञानपुर, भदोही, सीतामढ़ी, सुरियावां समेत अन्य क्षेत्रों में खरीददारी के लोगों की भीड़ उमड़ी रही है। देखने से लग रहा था कि बाजार बंद है। पर दुकान के अंदर दुकानदारी चल रही थी। हर दुकान के बाहर एक व्यक्ति खड़ा था, जैसे ही कोई ग्राहक पहुंचता था, उसे दुकान के अंदर करने के बाद सामग्री दिया जा रहा है।
उधर कोरोना कर्फ्यू फिर बढ़ जाने से व्यापारी मायूस है। रोजाना सुबह के समय मिलने वाली छूट में दुकानदार और नागरिक गाइड लाइन का उल्लंघन कर रहे हैं। भीड़ एकत्र होने से कोरोना प्रोटोकाल की भी धज्जियां उड़ रहीं हैं जिससे कोरोना संक्रमण बढ़ने का आसार बने हुए हैं।