हंडिया-राजातालाब हाईवे खंड पर सिक्सलेन का निर्माण अंतिम चरण में होने के बाद भी लोगों की समस्याओं का समाधान करने में तेजी नहीं दिखाई जा रही है। अधूरे और बजबजाते नाले से निकल रहे दुर्गंध से परेशान लोगों ने रविवार को सुबह गोधना के सूफीनगर तिराहे पर एनएचएआई के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह में अधूरे पड़े नाला को ढंक कर सफाई नहीं कराई तो चक्काजाम करेंगे।
यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए हंडिया-राजातालब हाइवे को सिक्सलेन में परिवर्तित किया गया है। इस कार्य पर ढाई हजार करोड़ से अधिक धनराशि खर्च हो गई, लेकिन अब भी कार्य पूरा नहीं हो सका है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से हाइवे के नालों में महीनों से रुके पानी से दुर्गंध आने लगी है। दुर्गंध से परेशान व्यापारियों ने सफाई की मांग को लेकर रविवार को प्रदर्शन किया। चाय-पान की दुकान चलाने वाले होरीलाल यादव ने कहा कि तीन वर्ष में प्राधिकरण करोड़ों रुपये खर्च कर चुका है, इसके बावजूद समस्या बनी हुई हैं। यहां चाय-पान के साथ मिठाई की दुकान, सब्जी, मेडिकल स्टोर, हार्डवेयर, निजी अस्पताल, स्कूल, कालेज, मदरसा, दरगाह होने से दुकानों पर भीड़ रहती है। दक्षिणी लेन के सर्विसलेन का नाला कई स्थानों पर ढंका गया है, लेकिन गोधना-सूफीनगर तिराहे पर नाला नहीं ढकवाया जा रहा है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नाले की सफाई नहीं होने से बजबजा रहा है और उससे निकलने वाले दुर्गंध के लोग परेशान हैं। प्रदर्शन करने वालों में विनोद कुमार, हामिद अली, गुड्डू सरोज, अश्वनी प्रसाद, हबीब अहमद आदि शामिल रहे।