टेक्सटाईल क्षेत्र की बड़ी कंपनी के मानव संसाधन अधिकारियों ने भारतीय कालीन प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) के सात छात्रों को अपनी विभिन्न इकाईयों में प्लेसमेंट दिया है। कंपनी के अधिकारियों ने शुक्रवार को कैंपस सेलेक्शन में इंटरव्यू के बाद चयन किया। संस्थान की ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी बीडी गुप्ता ने इसकी जानकारी दी।
उन्होने बताया कि देश की अग्रणी फ्लोरिंग निर्माता कंपनी वेलस्पन फ्लोरिंग लिमिटेड के अधिकारियों ने संस्थान में अध्ययनरत बीटेक अंतिम वर्ष के 7 छात्रा-छात्राओं का चयन किया। कंपनी के अधिकारीगण असिस्टेंट वाइस प्रेसीडेंट अजय बवेजा, महाप्रबंधक मनोज श्रीवास्तव व नीलेश सिंह, तथा प्रोग्राम मैनेजर सौमी चक्रवर्ती, उप महाप्रबंधक चन्द्रेश विश्वकर्मा ने अंकित आनंद, मयंक दुबे, शुभम मिश्रा, योगेश, रवि पाल, आर्यन सिंह व प्रीती शर्मा का चयन किया। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि कंपनी द्वारा यह प्लेसमेंट हैदराबाद तथा वापी (गुजरात) की उत्पादन इकाइयों के लिए किया गया है।
संस्थान के निदेशक ने चयनित छात्रों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि आईआईसीटी द्वारा संचालित चार वर्षीय बीटेक पाठ्यक्रम भारत ही नहीं विदेशों में भी काफी लोकप्रिय है। यहीं कारण है कि संस्थान से पढ़े छात्र देश-विदेश में कार्यरत हैं।