पाली विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब साठ गावों में एक सप्ताह से रात में बिजली गुल हो जा रही है। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध ढंग से कटिया जलाने वाले कुछ लोगों के दबाव में उपकेंद्र से बिजली काटी जा रही है। अविलंब सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों ने कहा कि देवाजितपुर गांव में 65केवीए का ट्रांसफार्मर है। मात्र 25 कनेक्शन और 60 से अधिक अवैध कनेक्शन होने से अक्सर ट्रांसफार्मर जल जाता था। सप्ताह भर पूर्व अवैध कटिया डालकर बिजली अलाने वालों की कटिया हटवा दिया गया। अवैध कटिया हटने पर कुछ लोग उपकेंद्र के कर्मचारियों को धमकाकर रात में बिजली कटवा रहे हैं। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभागीय स्तर से शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उपकेंद्र से बिजली कटने से देवाजितपुर, उमरिया, सुंदरपुर, बलापुर, उमरपुर, तिवारीपुर, रायपुर, परशुरामपुर समेत करीब 60 गांव के लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के एक कर्मचारी ने उन्हें कहा कि कोई अवैध कटिया लगा रहा है तो उसे जलाने दो। अवैध कटिया डालने वाले विभाग के सहयोग से गांव में बिजली आपूर्ति को ठप करवा दे रहे हैं। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।ग्रामीण संतोष, संजय, रवि ने डीएम से कार्रवाई की मांग की।
वहीं दूसरी ओर अधिशासी अभियंता अवधेश पासवान ने अवैध कटियामारी करने वालों का कनेक्शन हटाने पर ग्रामीणों की सराहना की। कहा कि उपकेंद्र से बिजली काटना गंभीर विषय है। मामले को दिखवाएंगे, दोषी मिलने पर कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।