भदोही कोतवाली क्षेत्र के भदोही- ज्ञानपुर रोड के मूंसी और हरियांव के मध्य बृहस्पतिवार की शाम सड़क पर कोहनी से कटा हुआ हाथ मिलने से सनसनी फैल गई। शाम को किसी ने खून लगा कटा हाथ देख कर पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर कोतवाली प्रभारी गगनराज सिंह ने पहुंच कर छानबीन की। देर शाम तक मामले में कोई सुराग नहीं लग सका था।
बृहस्पतिवार की शाम बाइक से ज्ञानपुर से आते जाते लोग सड़क पर कटा हुआ हाथ देख कर घबरा गए। थोड़ी ही देर में और लोगों को जानकारी होने पर मौके पर काफी लोग एकत्र हो गए। इसी बीच किसी से पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने लोगों से पूछताछ कर तहकीकात की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। उन्होंने आस पास के कई गांवों के लोगों से बात कर जानकारी ली, लेकिन ऐसा कोई व्यक्ति नहीं मिला, जो घर से गायब हो। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हाथ कोहनी से कटा हुआ है। किसी पुरुष का है। खून देखने से लग रहा है कि 5-6 घंटे पुराना होगा। और भी गांवों से छानबीन कर सुराग लेने की कोशिश की जा रही है।