कांग्रेस कार्यालय में एक दिन के उपवास पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता
- फोटो : BHADOHI
भदोही। देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्व. जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि पर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक दिन का उपवास रखकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को जेल से रिहा करने की मांग की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि 24 मार्च को प्रधानमंत्री के अदूरदर्शी निर्णय ने प्रवासी मजदूरों की परेशानी बढ़ाई। इतना ही नहीं गरीब मजदूरों की दयनीय दशा देख कर भी प्रधानमंत्री का दिल नहीं पसीजा और उसमें सुधार करने का प्रयास भी नहीं किया गया। जिससे लाखो लोग पैदल ही घर के लिए निकल पड़े।
नेताओं ने कहा कि पार्टी की ओर से मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए उप्र सरकार को बसें भी मुहैया कराई गई लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री के जिद के आगे प्रयास बेकार हो गया। इसी को लेकर आगरा में हमारे प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की पुलिस से तकरार भी हो गया और पुलिस ने तभी से उन्हें हिरासत में रखा हुआ है। लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष की रिहाई के लिए दिन भर उपवास रखा और पार्टी कार्यालय में प्लेकार्ड लेकर उपवास पर बैठे रहे। योगी सरकार से प्रदेश अध्यक्ष को फौरन रिहा करने की मांग की गई। उपवास में जिला कांग्रेस अध्यक्ष देव नारायण यादव, निवर्तमान उपाध्यक्ष मुशीर इकबाल, अल्पसंख्यक कांग्रेस के चेयरमैन परवेज अंसारी, कमर मलिक, मसूद आलम, अभिमन्यु यादव, मनोज गौतम, बद्री पटवा आदि रहे।