औराई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने बृहस्पतिवार को प्राथमिक विद्यालय सायर का निरीक्षण किया। मध्याह्न भोजन में पतली दाल और उसमें कद्दू देख नाराज हो गए। प्रधानाध्यापक को फटकार लगाते हुए स्पष्टीकरण मांगा। हिदायत दी कि भविष्य में ऐसी स्थिति मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद औराई के सीडीपीओ और ब्लॉक कार्यालय का जायजा लिया। वहां बने मॉडल प्रधानमंत्री आवास का लोकार्पण किया।
परिषदीय विद्यालयों में मीनू के अनुसार बच्चों को मध्याह्न भोजन दिया जाता है। बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे सीडीओ प्राथमिक विद्यालय सायर पहुंचे। यहां पर रसोइयां की ओर से बनाई जा रही दाल को देखा। अरहर की दाल कम होने एवं उसमें कद्दू डाला गया मिला। जिस पर नाराजगी जताई।
परिसर में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की संख्या संतोषजनक मिलने पर खुशी जताई। सीडीपीओ और ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण कर सुपरवाइजरों को हिदायत दिया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ब्लॉक परिसर में विभिन्न फाइलों का मुआयना किया और साथ ही मॉडल प्रधानमंत्री आवास के लिए बने मुख्य भवन के कार्यालय का लोकार्पण किया। इस मौके पर बीडीओ बृजेश नारायण तिवारी, रीता अवस्थी, प्रमोद पांडेय आदि रहे।
इसी तरह बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह ने औराई ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय घमहापुर, मगैनी, कंपोजिट विद्यालय चकलाला और भदोही के प्राथमिक विद्यालय चौबेपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता का अवलोकन करने के साथ ही एमडीएम को देखा। स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति 70 फीसदी से अधिक पाई गई।