उच्च प्राथमिक विद्यालय मालव की बाउंड्रीवॉल न बनए जाने से असुरक्षित बच्चे ।
- फोटो : 1
मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय मालव की चहारदीवारी टूटने से विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई है। लगभग 30 वर्ष पहले बनी चहारदीवारी 23 दिन पहले हुई भारी बारिश के दौरान ढह गई थी।
दीवार गिर जाने के कारण पूरा विद्यालय परिसर खुला पड़ गया है। बेसहारा और छुट्टा पशु आसानी से विद्यालय परिसर में प्रवेश कर रहे हैं। गांव के मंटू सिंह, राजू सिंह, प्रदीप चौहान, रामनरेश, उमेश भारती, राणा सिंह, हरि सिंह, महेश कुमार, लालचंद राजभर, श्याम कुमार, दीपचंद और रामकरण चौहान आदि ग्रामीणों ने बताया कि दीवार ढहने के बाद से ही साफ सफाई और पौधों की देखरेख में दिक्कतें आ रही हैं।
उन्होंने प्रशासन से नई चहारदीवारी के निर्माण की मांग की है ताकि बच्चों को एक सुरक्षित और स्वच्छ शैक्षणिक माहौल मिल सके। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि पुनर्निर्माण और मरम्मत के लिए विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। खंड शिक्षा अधिकारी ओपी तिवारी ने बताया कि चहारदीवारी की मरम्मत कराए जाने के लिए ग्राम प्रशासक को कहा गया है।