इस दौरान नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं ने मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को पूरा न किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बिंद, केवट, निषाद, कश्यप, मल्लाह, नाई, लोहार, प्रजापति, चौहान, राजभर, गौड़, भूंज, तेली, माली समेत 20 जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल कर इनका आरक्षण कोटा बढ़ाकर 35 फीसदी करने की मांग की।
इसके अलावा गोरखपुर में आरक्षण के समर्थन में आंदोलन करते समय पुलिस फायरिंग में मृत अखिलेश, गत दिन कोइलरा के चंद्रपुरा सड़क हादसे में मृत शिक्षक कमला शंकर बिंद के परिवारीजनों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
इसी तरह फर्जी मुकदमे में फंसाए गए ग्रामीणों पर से मामला वापस लेने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी पिछड़ों की लड़ाई गंभीरता से लड़ रही है।
सरकारों को उनका हक देना ही होगा। प्रमासपा समाज के वंचित तबके के लोगों के हो रहे शोषण और अन्याय को हरगिज बर्दाश्त नहीं करेगी। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष महेंद्र कुमार बिंद, संगठन मंत्री अरुण राय मुन्ना, जिला पंचायत सदस्य बिंदू देवी, कन्हैयालाल कन्नौजिया, शिवशंकर बिंद, ज्ञानदास बिंद, सुरेश कुमार बिंद शामिल रहे।