सम्पूर्ण समाधान में फरियादियों की लगी भीड़। स्रोत संगठन
ज्ञानपुर। संपूर्ण समाधान दिवस पर त्वरित न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले फरियादियों को आश्वासन ही मिल रहा है। शनिवार को फिर 130 फरियादियों को निस्तारण का भरोसा मिला। तीनों तहसीलों में कुल 146 प्रार्थना पत्र आए। जिसमें 16 का निस्तारण किया गया, जबकि 130 में निस्तारण के लिए विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया गया।भदोही तहसील में डीएम शैलेष कुमार और एसपी अभिनव त्यागी ने जन शिकायतें सुनीं। डीएम ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अधिकारी एक सप्ताह केे अंदर कराना सुनिश्चित करें। गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न होने पर संबंधित अफसरों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार अपने-अपने कोर्टाे के लंबित मुकदमों का गुणवत्तापरक निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि मुकदमे के सुनवाई के लिए आम आदमी दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी आशा के साथ आते हैं,उनके केसों को जल्द ही डिस्पोजल किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को एआई टूल्स के माध्यम से बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण ड्राफ्टिंग तैयार करने का निर्देश दिया। सभी एडीओ पंचायत, लेखपालों को संवेदनशील बनाते हुए रिपोर्टिंग की गुणवत्ता में सुधार लाने पर जोर दिया। एसपी ने कहा कि राजस्व संबंधित मामलों में कानूनगो, लेखपाल और पुलिस की संयुक्त टीम स्थलीय निरीक्षण, सत्यापन कर एक हफ्ते में निस्तारित करें। तहसील में आए 78 प्रार्थना पत्रों में पांच का निस्तारण किया गया। इस मौके पर सीडीओ बाल गोविंद शुक्ला, सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक आदि रहे। ज्ञानपुर तहसील में एडीएम शुभांगी शुक्ला ने समस्याएं सुनी। यहां पर कुल 27 मामलों में पांच का निस्तारण किया गया। औराई तहसील में एडीएम न्यायिक विजय नारायण सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर निस्तारण किया। यहां पर कुल 41 शिकायतों में छह का निस्तारण किया गया। इस मौके पर एसडीएम श्याममणि त्रिपाठी आदि रहे।