जिले के स्वास्थ्य केंद्रों की खामियों पर सीएमओ डॉ. एसके चक ने कड़ा कदम उठाया है। उन्होंने सभी 232 स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को पत्र जारी कर अस्पताल की खामियों को तत्काल दुरूस्त करने का निर्देश दिया है।
सीएमओ ने चेताया कि निरीक्षण के दौरान अगर लापरवाही मिली है तो सेंटर के प्रभारी सहित संबंधित केंद्र के सभी स्वास्थ्यकर्मी का एक दिन का वेतन रोक दिया जाएगा। इसके बाद खामियां सुधारने पर वेतन बहाली होगी।
जिले के छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), 206 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उपकेंद्र) हैं। इन सेंटरों पर अक्सर शिकायत मिलती है। इसके अलावा सीएमओ डॉ. एसके चक जब भी निरीक्षण करते हैं, तब वही खामी मिलती है और उसे दूसरे निरीक्षण तक दुरूस्त नहीं कराया जाता है।
सीएमओ कई बार केंद्रों का निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन खामियां जस की तस रहती है। जिसमें निरीक्षण में दवाओं का स्टॉक न होना, डॉक्टर-स्टाफ की अनुपस्थिति, साफ-सफाई की कमी, रजिस्टरों को सही ढंग से न रखे जाने जैसी गड़बड़ियां मिलती रहती हैं।
मरीजों ने भी डॉक्टर के समय पर न मिलने और जांच की सुविधा न होने की शिकायत की। अब उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए सीएमओ ने नया फार्मूला अपनाया है।
विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिन भी स्वास्थ्य केंद्रों पर खामियां पाई गई हैं, वहां के प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित सभी संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोका जाएगा। वेतन बहाली खामियों के दुरूस्त होने के बाद ही हो सकेगी। संवाद