ज्ञानपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 144वीं जयंती बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता दिवस के रूप में मनाई गई। नगर पंचायत की ओर से आयोजित रन फार यूनिटी में खास से लेकर आम ने दौड़ लगाई। दौड़ में अव्वल आने वाले होनहारों को पुरस्कृत किया गया।
बृहस्पतिवार की सुबह ज्ञानपुर के लखनो तिराहे से कलेक्ट्रेट सभागार तक रन फार यूनिटी का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद, एसपी राम बदन सिंह और एडीएम राम सिंह वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। युवा धावकों संग अफसरों से लेकर कर्मचारियों तक ने एकता और अखंडता के लिए दौड़ लगाई। डीएम ने कहा कि पटेल जी की देन है कि भारत अखंड है। आजादी के बाद देश में 561 रियासतें रहीं, जिन्हें एक करने का काम देश के पहले गृहमंत्री सरदार पटेल ने किया। इसके पूर्व डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। एडीएम राम सिंह वर्मा और सीडीओ विवेक त्रिपाठी ने कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। रन फार यूनिटी में अव्वल आने वाले धावकों को शहीद पार्क में पुरस्कृत किया गया। इसके बाद डीएम जिला चिकित्सालय में मरीज रीता देवी, प्रभावती देवी, सचिन, रामधारी, जावती देवी, संतोष राय, मुनवारी, बीरजू गौतम, रूबिना वेगम, चिंता देवी, प्रमिला तिवारी को फल वितरित किया। इसी तरह मुखर्जी पार्क में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर सीएमओ लक्ष्मी सिंह, डीडीओ जयकेश त्रिपाठी, सीओ ज्ञानपुर कालू सिंह आदि रहे। इसी तरह नगर पंचायत की ओर से क्रॉस कंट्री रेस आयोजित की गई। कंसापुर तिराहे से चेयरमैन ज्ञानपुर हीरालाल मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर रेस को रवाना किया। ज्ञानपुर के शहीद पार्क में समापन किया गया। मुख्य अतिथि चेयरमैन भदोही अशोक जायसवाल और भाजपा नेता डॉ. राकेश दूबे ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। रेस के बालक वर्ग में शिव प्रकाश प्रथम, कमल कुमार द्वितीय, रविंद्र यादव तृतीय, विमल कुमार चतुर्थ और रोहित यादव पाचवें स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में यमुना बिंद प्रथम रहीं। इस मौके पर खेल सचिव कैलाश पाल आदि मौजूद रहे। इसी तरह काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स की ओर से रन फार यूनिटी का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. पीएन डोंगरे ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। अंत में अव्वल आने वाले धावकों को पुरस्कृत किया गया।