ज्ञानपुर। दशहरा, प्रतिमा विसर्जन और भरत मिलाप को लेकर ज्ञानपुर, भदोही, गोपीगंज में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए रूट को डायवर्ट किया गया है। 20 से 22 अक्तूबर तक तीन दिन शहर में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। दूसरे जिलों की ओर जाने के लिए शहर से गुजरने वाले मध्यम और हल्के वाहनों को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी को अलग-अलग मार्गाें से भेजा जाएगा।
शारदीय नवरात्रि के बाद 20 अक्तूबर यानि मंगलवार को विजयदशमी का मेला आयोजित होगा। इसके अलावा दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन भी शुरू होगा। पुलिस और प्रशासन की ओर से इसके लिए रूट को डायवर्ट किया गया है। दशहरा और प्रतिमा विसर्जन को लेकर 20 अक्तूबर को शाम चार बजे से 21 अक्तूबर को समाप्ति तक व्यवस्था प्रभावी रहेगी। ज्ञानपुर में हास्टल चौराहे से जोरईं और असनांव की तरफ से वाहन डायवर्ट रहेंगे। लखनो तिराहा से वाहन मुख्यालय मार्ग और दुर्गागंज रोड की तरफ जाएंगे जबकि गोपीगंज जाने वाले वाहन नथईपुर मार्ग से होकर निकलेंगे। गोपीगंज में कठौता कट, झिरिया कट व गिराई/दानूपुर मार्ग से गोपीगंज कस्बे में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गोपपुर चौराहा से सभी वाहन रायपुर गांव होते हुए नेशनल हाईवे की तरफ प्रस्थान करेंगे। भदोही में रजपुरा चौराहा से वाहन इंदिरा मिल व नेशनल तिराहे की ओर डायवर्ट रहेंगे। एकमा तिराहा व फूलन देवी/पकड़ी तिराहा से भदोही कस्बे में किसी भी वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। भरत मिलाप को लेकर ज्ञानपुर में 21 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे तक आयोजन समाप्त होने तक हॉस्टल चौराहा से जोराई/असनांव की तरफ डायवर्जन रहेगा। गोपीगंज से आने वाले वाहन सिंहपुर नहर पुलिया से हरदेवपुर व उगापुर की तरफ तथा ज्ञानपुर से भदोही जाने वाले वाहन महिला थाना के बगल से हॉस्टल चौराहा की ओर जाएंगे। गोपीगंज के भरत मिलाप को लेकर 22 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे से समापन तक कठौता कट, झिरिया कट व दानूपुर मार्ग से कस्बे में प्रवेश बंद रहेगा। गोपपुर चौराहा से वाहन रायपुर गांव होकर नेशनल हाईवे की ओर डायवर्ट रहेंगे। सीओ यातायात राजीव कुमार सिंह ने बताया कि डायवर्जन से आपातकालीन वाहन जैसे एम्बुलेंस, फायर सर्विस आदि पूर्णतः मुक्त रहेंगे।
विजयदशमी मेला, प्रतिमा विसर्जन और भरत मिलाप को लेकर भदोही, ज्ञानपुर और गोपीगंज शहर में डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी की गई है। सभी नागरिक इसका पालन करें।-शुभम अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक भदोही