ज्ञानपुर। जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में स्वीकृत 87 करोड़ की 11 सड़कों का निर्माण चौड़ीकरण के फेर में फंस गई है। 3.75 से 5.50 मीटर चौड़ी होने के कारण सड़क के दोनों तरफ करीब एक-एक मीटर का दायरा बन रहा है। इससे किसानों की जमीन प्रभावित होने लगी है। भिखमापुर, भिदिउरा समेत अन्य स्थानों पर काम शुरू होते ही विरोध शुरू हो गया। जिससे काम ठप हो गया। करीब एक साल विलंब से शुरू होने वाली सड़कों का निर्माण फिर से अधर में लटक गया।
जर्जर सड़कों के कारण अक्सर लोग दुर्घटना का शिकार होते हैं। मानसून में इन सड़कों पर जलभराव के चलते राहगीरों को मुसीबत झेलनी पड़ती है। गड्ढा मुक्ति को लेकर अभियान भी चले, लेकिन उसमें सिर्फ लोक निर्माण विभाग से जुड़ी सड़कें ठीक हुईं। मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़कों की दशा नहीं सुधर पाती। भदोही, औराई और ज्ञानपुर विधानसभा की तमाम सड़कों की हालत खराब है। पीएमजीएसवाई में पांच से आठ साल बाद ही सड़कें स्वीकृत होती हैं। एक दशक पहले बनी सड़कें अब जर्जर हो चुकी हैं। मई-जून 2023 में केंद्रीय स्तर से 11 ग्रामीण सड़कों की दशा सुधारने के लिए 87 करोड़ स्वीकृत किये गए। पहले स्टीमेट और बाद में निविदा आदि को लेकर विलंब हुआ। करीब एक सप्ताह पूर्व सड़कों की मारम्मत शुरू हुई , लेकिन सड़कों के चौड़ी होने से किसानों की भूमिधरी भी जमीन इसमें जाने लगी। इसको लेकर किसानों ने विरोध शुरू कर दिया। मामला तूल पकड़ने पर काम काम रोक दिया गया।
-
पीएमजीएसवाई की कुछ सड़कों का काम शुरू हो चुका है। सड़क के दोनों तरफ सिर्फ एक-एक मीटर चौड़ाई बढ़ रही है। सड़क चौड़ी होने से किसानों का ही फायदा होगा। प्रभावित क्षेत्र को छोड़कर काम चल रहा है। जहां दिक्कत होगी किसानों से बात कर काम शुरू कराया जाएगा।
- एसपी मिश्रा, एक्सईएन ग्रामीण अभियंत्रण।
इन सड़कों का होना है निर्माण
- गोपीगंज रोड से गरीबी का तारा वाया बैदाखास 9.400 किमी।
- गोपीगंज मिर्जापुर रोड से जगरनाथपुर डेरवा मुलापुर बरजी 5.250 किमी।
-जीटी रोड से बेलहुआ रोड वाया कुरमैचा सिकी चौरा, चौरा कला भैरो का पुरा विश्वनाथपुर 5.910 किमी।
-जीटी रोड कलिजंरा से मानशाहपुर, जाजपुर, जंगीगंज, धनतुलसी रोड वाया डीघ की 4.100 किमी।
- ज्ञानपुर लालानगर रोड से कलियापुर वाया भिदिउरा श्रीपुर पीएमजीएवाई रोड अकेलवा 7.750 किमी।
- कृपालपुर बिठौली बार्डर से बसवापुर, भिखमापुर, सुरियावां, कलिजंरा रोड 6.200 किमी।
- भदोही से उमरी रोड 6.10 किमी।
- भदोही दुर्गागंज रोड विश्वकर्मा मंदिर से अजयपुर सनकडीह नगुला रोड 7.450 किमी।
- नई बाजार सेंट मैरी स्कूल से छितौना पुल वाया रैमलपुर सोनहर रोड 5.825 किमी।
- सुरियावां भदोही से चकिया छतरीपुर, मंगुना चौगुरा रोड 5.450 किमी।
-सुरियावां-दुर्गागंज रोड छनौरा से पट्टी बेजाव कांतीरामपुर निदिउरा, अभिया सरायकंसराय रोड 5.250 किमी।