औराई। ठंड के बढ़ते असर के बीच चोरों की सक्रियता भी बढ़ गई है। कोतवाली क्षेत्र में एक महीने के बीच आधा दर्जन चोरियां हो चुकी हैं। वहीं चार दिनों में ही तीन जगहों पर चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक एक भी मामले का पर्दाफाश नहीं हो पा रहा है। चोरों ने रविवार की रात हरचहार पट्टी सहसेपुर निवासी दीपू मिश्रा की आटा चक्की से हजारों का सामान चोरी किया। कोतवाली में पुलिस का गश्त का दावा झूठा साबित हो रहा है। आए दिन हो रही चोरियां कर चोर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। एक दिन पहले ही चोरों ने माधोसिंह रेलवे स्टेशन कंटेनर डिपो के पास से रामधारी पाल के मकान के सामने से एक भैंस बच्चा के साथ चुरा ले गए। वहीं रविवार रात चोरों ने हरचहार पट्टी सहसेपुर निवासी दीपू मिश्रा के आटा चक्की से 15 मीटर केबल का तार, पांच बोरी गेंहू, 19700 रुपये नगद उठा ले गए। बताया कि मेरे घर से 500 मीटर दूरी पर मेरी चक्की है। चोरों ने मेरे चक्की के दरवाजा का ताला तोड़कर सामान की चोरी की। स्थानीय लोगों ने बताया कि चोर लगातार सक्रिय है, लेकिन पुलिस के हाथ खाली रह जा रहे हैं। तीन दिन पहले औराई ब्लॉक के बगल निवासी राजेश गुप्ता के यहां से चोरों ने घर का ताला तोड़कर 70 हजार नगदी उठा ले गए थे। एक महीने पहले पुरुषोत्तमपुर निवासी राजेश उपाध्याय की चोरों ने गाय खोल ले गए थे।