Bhadohi News: भदोही के गोपीगंज में हुए सड़क हादसे में ससुर और दामाद की मौत हो गई। आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया और अब मृतकों के परिजन उसे पकड़ने की मांग कर रही है। घटना के बाद अस्पताल में भीड़ लग गई और जनता ने घटना पर रोष प्रकट किया।
भदोही स्थित गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के किशुनदेवपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ससुर और दामाद की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब एक अज्ञात स्कॉर्पियो ने बाइक को साइड मार दी, जिससे बाइक डिवाइडर से टकरा गई। घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित किशुनदेवपुर के पास हुई।
विज्ञापन
मृतकों की पहचान मोहम्मद फारूक (52) और उनके दामाद नूर आलम (40) के रूप में हुई है। बताते चलें कि मोहम्मद फारूक अपने दामाद नूर आलम के साथ फल के व्यापार के सिलसिले में जंगीगंज जा रहे थे।
विज्ञापन
घटना के समय, दोनों बाइक पर सवार थे और जैसे ही वे किशुनदेवपुर के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
मोहम्मद फारूक के परिवार में एक पुत्र और चार पुत्रियाँ हैं, जबकि नूर आलम का एक वर्ष का एक मात्र पुत्र है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात स्कॉर्पियो चालक की तलाश जारी है। घटना से स्थानीय लोगों के बीच शोक और आक्रोश का कारण बनी है और लोगों ने प्रशासन से दोषी चालक को जल्द पकड़ने की मांग की है।