सोमवार की रात परिवार वाले खाना खाने के बाद पास में ही स्थापित एक दुर्गा पंडाल में चले गए। उसी दौरान अचानक मकान में आग लग गई। आग की लपटें उठने के बाद आसपास के लोगों ने पंडाल में पहुंचकर जानकारी दी।
जब तक सभी लोग घर पहुंचते तब तक बेड, आलमारी, बाक्स, मोबाइल, पंखा, गेहूं, चावल, 10 हजार नकद और सभी अभिलेख जल गए। खबर लगने के बाद दमकल टीम भी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक सबकुछ जल चुका था। पूरी गृहस्थी जलने से परिवार के सामने भूखमरी का संकट उत्पन्न हो गया है।
परिवार के सभी सदस्यों और ग्राम प्रधान गीता यादव ने विधायक औराई मधुबाला पासी और एसडीएम औराई से मुआवजा दिलाने की मांग की। इसी तरह दुर्गागंज के शेरपुर गोपलहां निवासी ललतू बनवासी के छप्पर में मंगलवार को अबूझ हाल में आग लग गई। इससे उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया।