लालानगर। पूर्वोत्तर रेलवे के ज्ञानपुर रोड स्थित पूर्वी फाटक ककराही बुधवार को लगभग 30 मिनट तकनीकी खराबी के चलते बंद रहा। जिससे फाटक दोनों साइड खड़े होने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
दरअसल मंडुआडीह-प्रयागराज रेल रूट पर चल रहे दोहरीकरण और विद्युतीकरण के कार्य अंतिम चरण में होने के चलते आए दिन इस तरह की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा हैं। वहीं रेल कर्मी कभी पूर्वी छोर तो कभी पश्चिमी छोर के फाटक, ट्रैक प्वाइंट की खराबी दूर करने में हलाकान रहते हैं। इस संबंध में गोपीगंज से मिर्जापुर जाने वाले प्रवीण सिंह, तिलकराज, दानबहादुर, फते सिंह आदि ने बताया कि दोपहर लगभग 12 बजे फाटक बंद होने से उन्हें 30 मिनट तक रुकना पड़ा। वहीं पैदल और साइकिल से आवागमन करने वाले कई लोग बूम के नीचे से होकर अपने गतंव्य तक पहुंचे। माल वाहन, ठेला चालक तभी आगे बढ़ सके जब फाटक की खराबी दूर हुई। स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह ने बताया कि फाटक में कोई खराबी नहीं आई थी बल्कि बूम में कलर लाइट लगाने के लिए बंद किया गया था। लाइट लगने के बाद फाटक को खोल दिया गया।