ज्ञानपुर। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के कसिदहां गांव के समीप रविवार की रात आठ बजे ग्रामीणों की शिकायत पर कोटे का राशन बेचने ले जाते समय पिकअप को पुलिस ने पकड़ लिया। तहसील स्तरीय एवं पूर्ति विभाग के अधिकारियों के न आने से 112 नंबर पुलिस ने भी छोड़ दिया। चालक पिकअप लेकर वहां से भाग गया। जिसको लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया।
आरोप लगाया कि राशन की कालाबाजारी को लेकर दो साल से शिकायत की जा रही है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। आपूर्ति विभाग की ओर से जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि राशन ले जाते समय और एक व्यापारी के यहां बेचने के दौरान की वीडियो एवं साक्ष्य उनके पास है।
मामले में साक्ष्य के आधार पर डीएम कार्रवाई करें। दूसरी तरफ गांव निवासी संदीप पाठक, रामअछैवर, अनिल कुमार ने जिलाधिकारी विशाल सिंह के पास पहुंच कर इसकी शिकायत दर्ज कराई। मांग किया कि प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाए। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहसील स्तरीय अधिकारियों से बात कर कार्रवाई की जाएगी।