ज्ञानपुर। दुर्गागंज के शेरपुर निवासी पंकज चौधरी बीडीसी की बहन सोनी कुमारी की शादी है। ईरान-इस्ररायल युद्ध के बीच उपजे ईंधन संकट के बीच एलपीजी सिलिंडर का इंतजाम करना भारी पड़ रहा है। निर्धारित रेट से तीन से चार सौ रुपये ज्यादा देकर सिलिंडर खरीदना पड़ रहा है। जिले में बहुत से ऐसे घर हैं जहां शादियों की खुशियों के बीच एलपीजी सिलिंडर की तलाश आफत बनी है।
हालांकि, पूर्ति विभाग का दावा है कि जिले में सिलिंडर की कमी नहीं है। ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद एजेंसी संचालक आपूर्ति कर रहे हैं। लोगों ज्यादा पैनिक न हों। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों के कारण भी लोग एजेंसियों और गोदामों का चक्कर काट रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी कई गैस एजेंसियों और गोदामों पर एलपीजी सिलिंडर लेने के लिए लोगों की कतार देखी गई।
ऑनलाइन बुकिंग का सर्वर फेल
एलपीजी सिलिंडर बुकिंग ज्यादा होने से सर्वर फेल हो गया है। इस कारण ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। लोग घबराकर एजेंसियों और गोदामों की ओर भाग रहे हैं। एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण मिश्रा ने बताया कि लोग पैनिक होकर बुकिंग करा रहे हैं। इससे एजेंसियों पर भीड़ पहले की अपेक्षा बढ़ी है।
जिनके घर आयोजन उनकी सुनें पीड़ा
13 मार्च को बेटी की शादी है। सिलिंडर खरीदने के लिए खूब मशक्कत करनी पड़ी। बात इज्जत की बात है। एजेंसी से सिलिंडर नहीं मिलने पर ब्लैक में सिलिंडर 1250 देकर लेना पड़ा।
- शीतला प्रसाद पटेल, बाबूसराय।
बेटे की शादी है। घर में मेहमान जुटे हैं। उनके लिए खाना और नाश्ता बनाने के लिए सिलिंडर लेने गया तो नहीं मिला। किसी तरह पड़ोस के लोगों से लेकर काम चला रहा हूं।
- सीताराम मोदनवाल, माधवरामपुर।
बेटी की शादी है। एजेंसी से सिलिंडर नहीं मिला। आयोजन के लिए चिंता सताने लगी तो आसपास के बाजार से 1200 रुपये देकर सिलिंडर खरीदा हूं।
- विवेक पांडेय, छतमी।
13 मार्च को बेटी की शादी है। घर में सिलिंडर नहीं होने से एजेंसी पर लेने गया तो पता चला कि बुकिंग होने पर ही मिलेगा। अब आसपास और पड़ोस के लोगों से लेकर काम चला रहा हूं।
- रमेश कुमार, चूड़िहार मोहाल, गोपीगंज।
एजेंसियों के बाहर ई-केवाईसी कराने की नोटिस चस्पा
जिले में एजेंसियों के बाहर फिलहाल सिलिंडर की किल्लत के लिए नोटिस चस्पा नहीं है, लेकिन यह जरूरी बताया गया है कि ई-केवाईसी कराने पर ही सिलिंडर मिलेगा। ज्ञानपुर के इंडियन गैस एजेंसी पर अनूप श्रीवास्तव, अखिलदेव दुबे ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही है। इससे यहां आना पड़ रहा है।
लोग पैनिक होकर बुकिंग कर रहे हैं। व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति ऊपर से बंद कर दी गई है। जिले में सिलिंडर की कमी नहीं है। लोग अनावश्यक एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं।
- सुनील कुमार, डीएसओ।