जिले में 27 जून से होने वाली पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। ज्ञानपुर स्थित एक कंप्यूटर केंद्र में ऑनलाइन परीक्षा होगी। आगामी 27 जून को होने वाली इस परीक्षा में 604 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
औराई में जिले का इकलौता राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज है। कॉलेज की ओर से प्रवेश परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अबकी बार परीक्षा ऑनलाइन ही कराई जाएगी। इसके लिए ज्ञानपुर के प्रोफेसर कॉलोनी में स्थित एडवांस कंप्यूटर इंस्टीट्यूट को केंद्र बनाया गया है। प्राचार्य और परीक्षा केंद्र के नोडल अधिकारी एसपी श्रीवास्तव ने बताया कि अबकी बार परीक्षा ऑनलाइन होगी। परीक्षा तीन पालियों में कराई जाएगी। इसमें 604 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले अभ्यर्थी को दुबारा मौका नहीं मिलेगा। इसलिए 27 जून को अभ्यर्थी तय समय पर पहुंचकर परीक्षा दें।