सुरियावां में दूषित जलापूर्ति को लेकर लोगों के हंगामा करने के बाद नगर पंचायत के टैंकर से पानी लेते लोग।
। नगर के वार्ड नंबर 12 फाटक गली में बृहस्पतिवार को घरों में प्रदूषित पानी की आपूर्ति होने को लेकर नागरिक उखड़ गए। लोगों ने खाली डिब्बे लेकर विरोध जताया। मामला तूल पकड़ने लगा तो नगर पंचायत ने पानी का टैंकर भेजकर लोगों को पीने का पानी उपलब्ध कराया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली।
नगर के ज्यादातर मोहल्लों में दो से तीन दशक पुरानी पाइपलाइन लगी हैं। जर्जर हो चुकी पाइपलाइन अक्सर टूट जाती है। इससे घरों में गंदा पानी पहुंचने लगता है। बृहस्पतिवार को वार्ड संख्या 12 फाटक गली मोहल्ले में सुबह गंदा पानी आने लगा। इस पर वार्ड के लोग भड़क गए। नाराज लोगों ने नगर पंचायत के खिलाफ विरोध जताना शुरू कर दिया।
दूषित पानी की आपूर्ति होने की खबर लगते ही नगर पंचायत की ओर से आनन-फानन में पानी के टैंकर को भेजकर लोगों को शांत कराया गया। इस संबंध में चेयरमैन नंदलाल गुप्ता ने कहा कि पानी की दिक्कत को देखते हुए वार्ड में पानी भरे टैंकर को भेज दिया गया है। टूटी पाइपलाइन को सही कराया जा रहा है।