जानें पूरा मामला
शुक्रवार को औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर, पूर्व उप प्रमुख की गिरफ्तारी के खिलाफ फेसबुक, ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पुलिस पर हमला बोला। लिखा कि यह गिरफ्तारी असैवंधानिक और गैर वाजिब है। षड्यंत्र के तहत प्रतिषोध की कार्रवाई पुलिस से मिलकर कराई जा रही है।
सोमवार को एक बार फिर वे अपने फेसबुक प्लेटफार्म पर एक वीडियो डाली और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़ा किया। 21 मिनट 53 सेकेंड के वीडियो में उन्होंने गैंगस्टर के आरोपी नंदलाल पांडेय को पार्टी का सक्रिय सदस्य बताया।
यह भी कहा कि उन्होंने 2022 व 2024 के चुनाव में अपना पैसा लगाकर पार्टी की मदद की। उन्होंने दावा किया कि वे नंदलाल पांडेय का पक्ष इसलिए ले रहे हैं, क्योंकि उनके साथ गलत हुआ है। आरोप लगाया कि पुलिस ने दबाव में आकर यह कार्रवाई की है।
कहा कि किसी जमीन में गड़बड़ी कर बेचने वाले के लिए खिलाफ कार्रवाई होती है, न कि खरीदने वाले के खिलाफ। यह भी कहा कि जमीन क्रय करने के मामले में उन्होंने कोर्ट से स्टे लिया था, लेकिन उसके बाद साजिश के तहत इनके खिलाफ गैंगस्टर के खिलाफ कार्रवाई कर गिरफ्तारी की। खास बात है कि उन्होंने अपने वीडियो को यूपी बीजेपी के साथ पीएमओ इंडिया, नरेन्द्र मोदी और नगर विकास मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री एके शर्मा को टैग भी किया है।
सुनें इनकी
पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेने लखनऊ आया हूं। मेरी विधायक से फोन से वार्ता हुई थी। जिसमें उन्होंने अपनी बातें रखी। हालांकि, अब लौटकर दोनों पक्ष पुलिस व विधायक के बातों को सुनने के बाद पार्टी किसी फैसले पर विचार करेगी। - दीपक मिश्रा, जिलाध्यक्ष भाजपा।
विधायक जिस तरह से गैंगस्टर के आरोपी की गिरफ्तारी को गलत बता रहे हैं। उन्हें उसी तरह सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ गलत कार्रवाई पर भी आगे आना चाहिए था। भाजपा किस तरह के लोगों को प्रश्रय दे रही है। इस मामले में जिले में भाजपा नेताओं का चरित्र उजागर हो गया है। - प्रदीप यादव, जिलाध्यक्ष, सपा।