ज्ञानपुर। जिले में बढ़ते अपराध और हौसलाबुलंद अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता-पदाधिकारी लामबंद होकर जिला मुख्यालय पहुंच गए। यहां राज्यपाल के नाम संबोधित पत्रक जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद को सौंप कर अपराध को नियंत्रण में लाने और पीड़ित परिजनों को मुआवजा देने की मांग की गई।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रमेशचंद्र यादव दादा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे सपाजनों का कहना था कि प्रदेश में कानून राज नहीं रह गया है। चिंता जताते हुए कहा कि गत दिनों आधा दर्जन से अधिक हत्याओं और जानलेवा हमले के मामलों में अब तक कानून का हाथ आरोपियों तक नहीं पहुंच सका है, जो केंद्र और प्रदेश सरकार की कथनी और करनी को दर्शा रहा है। राधेश्याम यादव नगुआं-भदोही, अमित पाठक-सुरियावां, डॉ. मान सिंह मौर्य-गोपीगंज, श्यामसूरत यादव-दशवतपुर के मामलों का अविलंब खुलासा कर जान गंवाने वालों के परिजनों को 20-20 लाख मुआवजा देने की मांग की। ऐसा नहीं हुआ तो बेमियादी अनशन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर डीएन यादव, कृष्णकुमार, विक्की यादव, पंचम यादव, रामजीत यादव, अरुण यादव, भोलानाथ यादव, रामआसरे यादव, सर्वेश यादव, रामचंद्र यादव, शीतला प्रसाद चौहान, राजेंद्र प्रसाद आदि शामिल रहे।