बूचड़खाने के बाहर माैजूद पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
भदोही कोतवाली पुलिस ने रविवार को भोर में जमुंद स्थित कसाई टोला मोहल्ले में अवैध बूचड़खाने पर छापा मारा। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में वध के लिए रखे गए लगभग एक दर्जन पशु, भारी मात्रा में मांस और पशुओं के अवशेष बरामद किए गए। इस मामले में 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस को शिकायतें मिली थीं कि कसाई टोला मोहल्ले में प्रतिदिन अवैध रूप से पशुओं का वध कर मांस की बिक्री की जा रही है। इन शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय के नेतृत्व में दो टीमें बनाई गईं, जिनमें लगभग 50 पुलिसकर्मी शामिल थे। इनमें कस्बा, रजपुरा, धौरहरा, कार्पेट सिटी और नई बाजार पुलिस चौकी के प्रभारी भी मौजूद थे।
पुलिस ने मोहल्ले को दोनों तरफ से घेर लिया, जिससे किसी को भागने का मौका नहीं मिल सका। छापेमारी के दौरान, पुलिस को मौके पर वध किए गए पशुओं का भारी मात्रा में मांस और उनके अवशेष मिले।
पुलिस ने मोहल्ले के लगभग आधा दर्जन अहातों की भी तलाशी ली, जहां एक दर्जन से अधिक पशु बंधे हुए पाए गए। पुलिस ने बरामद पशुओं, मांस और अवशेषों को जब्त कर लिया है। मई महीने में भी पुलिस ने कार्रवाई किया था, लेकिन कुछ दिन बाद अवैध कारोबार दुबारा शुरु हो गया।