औराई ब्लॉक के लीलापुर प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से शौचालय की सफाई करने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसकी जानकारी होने पर खंड शिक्षा अधिकारी ने मौके पर जाकर मामले की जांच की। पता चला कि तस्वीर काफी पुरानी है।
सोशल मीडिया के फेसबुक प्लेटफार्म पर लीलापुर प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों से शौचालय की सफाई कराने की चार-पांच तस्वीर वायरल हो रही है। वायरल तस्वीर में एक बच्चा स्वेटर पहने हुए है। वहीं पास में खड़े शिक्षक भी कोट और स्वेटर में नजर आ रहे हैं। इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी औराई आशीष मिश्रा ने बताया कि वायरल तस्वीरों को देखने के बाद मौके पर जाकर जांच की गई। वहां पूछताछ में बच्चों ने भी सफाई के संबंध में कुछ नहीं बताया। तस्वीरों को गहनता से देखने पर पता चला कि फोटो पुरानी है। हालांकि प्रधानाध्यापक रमेश कुमार से जवाब मांगा गया है। प्रधानाध्यापक का कहना है कि यह किसी की साजिश है। तस्वीर कब की है इसकी मुझे जानकारी नहीं है।