वर्षों से क्षतिग्रस्त चौरी बाजार के स्टेशन मार्ग की सड़क की मरम्मत न होने से नाराज व्यापारियों ने गुरुवार को बाजार में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शासन - प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
साथ ही चेतावनी दी कि मार्ग की मरम्मत शीघ्र शुरू नहीं कराई गई तो बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में शामिल व्यापारियों का कहना था कि दस साल में इस मार्ग की दो बार मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति की गई है।
इसके चलते सड़क की यह स्थिति हो गई है कि बारिश के कारण यह झील के रूप में तब्दील हो गई। मार्ग पर गड्ढे होने से जगह-जगह पानी भर गया है।
कीचड़ व जल भराव के कारण सड़क पर पैदल चल पाना भी मुश्किल हो गया है। यह स्थिति तब है जबकि चौरी बाजार के इस व्यस्ततम मार्ग पर बैंक, पुलिस चौकी, अस्पताल, स्कूल, कालेज के अलावा प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं।
मार्ग खराब होने से लोगों को आवागमन के दौरान गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मजबूरी में आवागमन करने वालों को अक्सर दुर्घटना का शिकार होना पड़ता है।
प्रदर्शन करने वालों में गोविंदा मोदनवाल, अख्तर अली, मदन गुप्ता, ललित कुमार, गोपाल, प्रेम गुप्ता, सूर्य प्रकाश, जयप्रकाश, लाला आदि शामिल थे।