भदोही। अहमदगंज गजिया में रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के चलते स्टेशन रोड पर जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। अहमदगंज गजिया से ज्ञानपुर रोड जाने का कोई रास्ता न होने से लोगों को पकरी की ओर से आना जाना पड़ता है। जिसका खामियाजा स्टेशन रोड पर जाम के रूप में चुकाना पड़ता है। इसका सर्वाधिक नुकसान दुकानदारों को उठाना पड़ता है। बुधवार को स्टेशन रोड पर रुक रुक कर तीन बार 30-30 मिनट के लिए जाम लगने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
एक ओर जहां गजिया रेलवे फाटक वाला रास्ता पूरी तरह बंद है तो दूसरी ओर स्टेशन रोड पर इन दिनों इंटरलाकिंग पटरियों की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। कामकाज का दिन होने से मार्ग पर डेढ दर्जन बैंकों में भारी भीड़ के साथ साथ सड़क पर यातायात बढ़ जाने से सुबह 11 बजे जाम लग गया। वाहन स्वामियों के अपनी लेन का पता नहीं था तथा वाहनों को आमने सामने हो जाने से जाम की स्थिति रही। दुकानदारों ने बताया कि यह हाल सुबह से लेकर शाम तक रहता है और कई कई बार जाम लगता है। इससे लोगों को बचाने के लिए पुलिस के पास कोई उपाय नहीं है। इतना ही नहीं कभी पकरी में तो कभी मुल्ला तालाब के पास तो कभी शिव टाकीज के सामने जाम के हालात हो जाते हैं। समस्या यह है कि अफसर इसका संज्ञान नहीं लेते। और जाम में फंस कर बाइक कार वाले जूझते रहते हैं। इस बावत पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि त्योहार की भीड़ है। गजिया का रास्ता बंद है। इससे इस रोड पर यातायात का दबाव अधिक है। कुछ मिनटों के लिए जाम लगता है और फिर खुल जाता है। जाम से निपटने के लिए ही पकरी तिराहे और लिप्पन तिराहे पर पुलिस की ड्यूटी पहले से लगी रहती है।
--
स्टेशन रोड पर जाम रोज का किस्सा है। केवल पुलिस की कमी नहीं है। वाहन स्वामियों द्वारा यातायात नियमों का पालन नहीं करने से भी जाम लगता है। पुलिस नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करे तो लाभ होगा। नदीम सिद्दीकी, व्यवसायी (फोटो-57)
--
दुकान के सामने रुक रुक कर दिन में कई बार जाम लगने से दुकानदारी प्रभावित होती है। जब से गजिया ओवर ब्रिज बन नहीं जाता इससे निजात मिलना मुश्किल है। तब तक हम लोगों को हालात से जूझना है। अश्विनी सोनी, दुकानदार (फोटो-58)