ज्ञानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद अब प्रशासन सकुशल मतगणना की तैयारी में जुट गया है। जिले के छह ब्लॉकों में होने वाली मतगणना की तैयारी शुरू हो गई है। मतगणना पर्यवेक्षक संग सहायक बनाए गए हैं। 1889 बूथों की मतपेटियों की गणना के लिए एक हजार कर्मचारी लगाए जाएंगे। 79 न्याय पंचायत की मतगणना के लिए 158 टेबल बनेंगे। जिस पर एक-एक पर्यवेक्षक और तीन-तीन गणना सहायक रहेंगे। करीब 200 सहायक अतिरिक्त रखे जाएंगे।
जिले में पहले चरण में बृहस्पतिवार को जिला पंचायत, गाम प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य के 4571 पदों के लिए मतदान हुआ। छिटपुट घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा गया है। अब प्रशासनिक अफसरों का सारा ध्यान दो मई को होने वाले मतगणना पर टिक गई है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर प्लान तैयार किया जा रहा है। 14 हजार 328 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में कैद है।
सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय डीएस शुक्ला ने कहा कि मतगणना की तैयारी करीब-करीब पूर्ण हो चुकी है। ज्ञानपुर में गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज, सुरियावां में सेवाश्रम इंटर कॉलेज, भदोही में नेशनल इंटर कॉलेज, औराई में काशिराज महाविद्यालय इंटर कॉलेज, डीघ में कालिकानगर इंटर कॉलेज और अभोली में पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मतगणना होगी। जिले के 79 न्याय पंचायत में दो-दो न्याय पंचायत की मतगणना एक कमरे में होगी। जिसमें दो-दो टेबल लगाए जाएंगे। एक टेबल पर एक पर्यवेक्षक और तीन गणना सहायक लगाए गए हैं। करीब 800 पर्यवेक्षक और गणना सहायकों की ड्यूटी लगेगी। 200 पर्यवेक्षक और गणना सहायक अतिरिक्त रखे गए हैं। जिससे किसी को कोई दिक्क्त होगी तो उन्हें रखा जाएगा। बताते चलें कि जिले में 26 जिला पंचायत, 545 ग्राम प्रधान, 650 बीडीसी और 3350 ग्राम पंचायत सदस्य के पदों पर मतदान हुआ। एक प्रधान, 11 बीडीसी और 3500 से अधिक सदस्य की सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।