ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण के चेन को तोड़ने के लिए प्रशासन की ओर से 35 घंटे के मिनी लॉकडाउन के बाद सोमवार को बाजार खुल गए। चहल-पहल बढ़ी तो लापरवाही भी दिखी। संक्रमण से बेखौफ लोग बिना मॉस्क और सामाजिक दूूरी को तार-तार करते दिखे। ज्ञानपुर, गोपीगंज, जंगीगंज सहित अन्य बाजारों में लोग कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं करते दिखे।
जिले में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए रविवार को साप्ताहिक लॉकडाउन घोषित किया गया है। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने शनिवार को रात आठ बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक दुकानें बंद रखने का निर्देश दिया था। जिसके तहत रविवार को दवा, दूध की दुकानों को छोड़कर अन्य के शटर गिरे रहे। सोमवार को सुबह दुकानें खुली तो लापरवाही का मंजर भी दिखा। ज्ञानपुर के दुर्गागंज तिराहा, शीतल पाल तिराहा, मुखर्जी पार्क, पुरानी बाजार में दुकानों पर भीड़ रही। लालानगर संवाददाता के अनुसार, गोपीगंज नगर में कोविड महामारी को लेकर अभी भी लोगो मे जागरूकता नही देखी जा रही है और लोग भीड़भाड़ के इलाके में बेख़ौफ़ होकर दुकानदारीकर रहे है।
रविवार को हर व्यक्ति डरा सहमा अपने प्रतिष्ठानों को बंद करके घरों में पड़ा रहा वही सोमवार को प्रतिष्ठानों के खुलने पर गांव से पहुंचे लोग न तो सोशल डिस्टेंस का पालन करते दिखे और न ही मॉस्क लगाए। यही हाल औराई, सुरियावां, जंगीगंज, सूफीनगर, मोढ़, कस्तूरीपुर, चौरी, नई बाजार, भदोही सहित अन्य बाजारों में देखने को मिली।