ज्ञानपुर। करीब तीन लाख की आबादी को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए जिला मुख्यालय के पास सरपतहां में बना 100 बेड का अस्पताल शुरू हो गया है। यहां अब मरीजों का इलाज किया जा रहा है। ईद के एक दिन पहले ही यहां एक मरीज को देखा गया। बृहस्पतिवार को मरीजों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। यहां सीएमएस सहित नौ लोगों की चिकित्सकीय टीम तैनात की गई है। अन्य सुविधा भी जल्द ही उपलब्ध होने की उम्मीद है।
करीब 20 लाख की आबादी वाले जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए वर्ष 2009 में सरपतहां स्थित जिला मुख्यालय के पास ही सौ बिस्तरों के अस्पताल के निर्माण की स्वीकृति मिली थी। उस समय 12 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से काम शुरू कराया गया। हालांकि वित्तीय अनियमितता और कार्यदायी संस्था की उदासीनता के कारण निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ। इस बीच जिले की आबादी बढ़ती गई और महाराज चेत सिंह जिला अस्पताल पर दबाव भी बढ़ता गया। करीब 12 वर्ष के बाद अब जिला प्रशासन ने इस अस्पताल को शुरू करने की योजना पर काम शुरू किया है। ओपीडी चलाने के लिए यहां पर्ची आदि छप चुकी है। इस अस्पताल के शुरू होने से सरपतहां, जोरई, कांवल, लखनो, गडेरियापुर, सुरियावा, गजधरा, मोढ, पाली, भोरी, भिडिऊरा आदि गांव के लोगों को उपचार कराने में आसानी होगी। इससे पहले लोग उपचार कराने जिला चिकित्सालय महाराजा चेतसिंह में जाते थे।