मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में केंद्रीय एवं राज्य वित्त की उपलब्ध धनराशि के व्यय की समीक्षा की गई। इसमें पाया गया कि कई पंचायत सचिवों की ओर से मिले धनराशि के सापेक्ष कम व्यय किया गया है। सभी सचिवों को निर्देश दिया कि 31 जनवरी तक 99 प्रतिशत पैसा विकास पर खर्च कर दिए जाएं।
उन्होंने डीपीआरओ को निर्देश दिया कि कम पैसा खर्च करने वाले सचिवों की सूची उपलब्ध कराएं। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान सभी सचिव, बीडीओ और एडीओ वीडियो कांफ्रेसिंग से जुड़े। इसमें अनु्पस्थित सचिव संतोष सिंह का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया। सभी कर्मचारियों से कहा कि वह अपनी प्रगति सुधारें, अन्यथा एक वेतन वृद्धि रोक दी जाएगी।
इसके पूर्व सीडीओ ने पूर्व दशम, दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की बैठक ली। जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी से कहा कि सभी श्रेणी में काफी आवेदन पत्र विद्यालय स्तर पर लंबित है । ऐसे संस्थानों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लें। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए।